प्रशिक्षण और टूल किट देकर हूनरमंदों को आत्मनिर्भर बना रही सरकार : बघेल
कलेक्ट्रेट में विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
सीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कर लाभार्थियों को दिखाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विश्वकर्मा जंयती मनाई गई। लखनऊ में आयोजित सीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल और एडीएम मनोज कुमार सिंह के जरिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत चयनित विभिन्न रोजगारों से संबंधी 200 प्रशिक्षण प्राप्त पात्र लाभार्थियों को ट्रेड टूलकिट वितरित किया गया। इसमें दर्जी, नाई, बढ़ई , राज मिस्त्री, हलवाई तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी दिया गया।
विधायक राकेश सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से पिछ़डे/गरीब वर्ग के तबके को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण देकर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनांतर्गत ट्रेड टूलकिट प्रदान कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही पिछड़े/गरीब वर्ग के व्यक्तियों को और आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा सरकार अमूल परिवर्तन के साथ प्रतिभाओं को सहयोग देकर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। दर्जी, नाई, राज मिस्त्री, बढ़ई और राजमिस्त्री आदि क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को एडवांस टेक्नोलॉजी पर आधारित टूलकिट का निशुल्क वितरण कर रोजगार को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से कहा कि इसी प्रकार आप लोग अन्य व्यक्तियों को प्रेरित करें और पात्र व्यक्ति सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लें। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक संजय कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राकेश कुमार और सहायक प्रबंधक पंकज कुमार पांडेय आदि उपस्थित रहे।