बसपा प्रत्याशी और 400 अज्ञात समर्थकों पर केस दर्ज
- बिना अनुमति के शहर में भीड़ जुटाकर निकाले थे जुलूस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शनिवार को बिना अनुमति के बसपा प्रत्याशी आफताब आलम उर्फ गुड्डू ने भीड़ जुटाकर खलीलाबाद में जुलूूूस निकाला। इसमें कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं किया गया। दरोगा धारा 144 लागू होने की बात कहते हुए समझाते रहे, लेकिन लोग नहीं माने और प्रदर्शन किए। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में बसपा प्रत्याशी और उनके 400 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि बसपा प्रत्याशी आफताब आलम उर्फ गुड्डू शनिवार को सवा बारह बजे अपने करीब 300 से 400 समर्थकों के साथ जुलूस निकाले थे। उनके काफिले में चार पहिया वाहन और बाइक सवार शामिल थे। वाहनों पर पार्टी का झंडा लगा था। जबकि खुली छत की चार पहिया गाड़ी पर प्रत्याशी आफताब आलम खड़े थे। जिनके पीछे समर्थक राजनैतिक नारेबाजी कर रहे थे। बिना अनुमति के बसपा प्रत्याशी ने आयोजन किया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। एसआई वीरेंद्र मिश्रा ने प्रत्याशी एवं समर्थकों को धारा 144 प्रभावी होने की बात बताया। इसके बाद भी प्रत्याशी और समर्थक नहीं माने। इनका यह कृत्य आचार संहिता उल्लंघन, आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन है। बसपा प्रत्याशी आफताब आलम उर्फ गुड्डु समेत 400 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।