प्रेमी-प्रेमिका ने कुआनो नदी में लगाई छलांग
युवकों ने नदी से दोनों को सुरक्षित निकाला
मां ने युवक पर बेटी को बहला फुसला कर भगा ले जाने का केस दर्ज कराया
धनघटा(संतकबीरनगर)। कटार घाट पर बने पुल से शनिवार को प्रेमी-प्रेमिका कुआनो नदी में छलांग लगा दी। घटना देखकर कुछ लोगों ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। लोगों ने नदी से दोनों को सुरक्षित निकाला। पुलिस दोनों को थाने लेकर चली गई।
ग्रामीणों ने बताया कि 22 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी क्षेत्र के एक ही गांव रहने वाले हैं। दोनों पैदल चलकर कटार घाट पुल पर पहुंचे। उस समय पुल के अगल-बगल कई दुकानदार और गांव के लोग मौजूद थे। दोनों ने आपस में कुछ देर तक बातचीत की। उसके बाद एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कुआनो नदी में छलांग लगा दी। उन्हें छलांग लगाते हुए लोगों ने देख लिया और शोर मचाने लगे। मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए।
नदी में कूदे प्रेमी-प्रेमिका को बचाने के लिए कुछ युवक भी नदी में कूद पड़े। युवकों ने दोनों को सुरक्षित निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वह शादी करना चाहते हैं, लेकिन परिवार के लोग तैयार नहीं हैं। इस वजह से नदी में कूद गए थे।
घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों को साथ लेकर थाने चली गई। एसओ केडी सिंह ने बताया कि किशोरी की मां ने तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव का आरोपी युवक उसकी बेटी को बहला फुसला कर घर से ले गया और कुआनो नदी में ढकेल दिया। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।