सेमरियावां ब्लाक के बत्सी बत्सा गांव में मनरेगा के तहत कराए गये विकास कार्यों की जांच करते बीडीओ
- फोटो : KHALILABAD
सीआईबी बोर्ड न देेख नाराज हुए बीडीओ
एपीओ को दो दिन के अंदर बोर्ड लगाने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां की ग्राम पंचायत बत्सी-बत्सा में शुक्रवार को बीडीओ हरिपूजन सिंह ने मनरेगा की ओर से कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। मनरेगा प्रोजेक्ट कार्य पर सीआईबी ( सिटीजन इनफॉर्मेशन बोर्ड) नहीं लगा होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दो दिन के अंदर बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही खड़ंजा पर मिट्टी डाले जाने के लिए कहा।
बीडीओ ने बत्सी-बत्सा गांव में मनरेगा के तहत कराए गए एक खड़ंजा निर्माण कार्य और दो इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण किया। बहाऊ की दुकान से हीरालाल के खेत तक खड़ंजा निर्माण की जांच की। खड़ंजा पर मिट्टी कम पाई गई। ग्राम पंचायत सचिव को जल्द ही मिट्टी डाले जाने के निर्देश दिए। पारस के घर से पंडित के घर तक और धीरेंद्र के घर से खालिक के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की जांच की गई। इस दौरान तीनों कार्यस्थल पर सीआईबी बोर्ड न लगे होने पर काफी नाराज हुए तथा ग्राम सचिव सौरभ चौधरी को सख्त निर्देश दिए कि दो दिनों में बोर्ड लगाकर अधोहस्ताक्षरी को सूचित करें अन्यथा वेतन बाधित की कार्रवाई होगी। इसके बाद ही प्रोजेक्ट कार्य का भुगतान किया जाएगा। इस दौरान एपीओ मदन गोपाल, जेई एम शिवदास, सहायक एकाउंटेंट प्रवीण कुमार यादव, ग्राम प्रधान अंजनी देवी, टीए उदयभान शर्मा, योगेंद्र प्रसाद जायसवाल आदि मौजूद रहे।