भरटोलिया से सुबखरी जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। भरटोलिया से सुबखरी जाने वाली सड़क कई जगह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यह सड़क जमुहट होते हुए बस्ती जनपद को भी जोड़ती है। लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की है।
भरटोलिया से सुबखरी होकर जाने वाली सड़क बस्ती जनपद को जोड़ती है। दर्जन भर से अधिक गॉव के लोगों की आवाजाही इस सड़क से होती है। करीब छह माह पूर्व इस सड़क की मरम्मत भी हुई थी।लेकिन सड़क कई जगह टूटकर फिर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क से होकर आने जाने वाले राहगीर परदेशी, संजय कुमार, अनिल, राम मूरत का कहना है कि कुछ दिन पहले सड़क मरम्मत का कार्य हुआ था, लेकिन सड़क पुन: टूट गई। दो पहिया वाहन सवार व साइकिल सवारों के लिए इस सड़क पर यात्रा करना काफी मुश्किल भरा है। लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की है। हियुवा के जिला संयोजक सुभाष त्रिपाठी का कहना है कि सड़क मरम्मत में मानक की अनदेखी हुई है। यदि संबंधित विभाग इसे संज्ञान में नहीं लेता है तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।