संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर/ लोहरौली। क्षेत्र के पिपरा प्रथम से वैरिहवा, मनैतापुर, मदरहा, औरहिया, पवरिहा सहित कई गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली और जगह-जगह जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को गांव में प्रदर्शन किया। प्रशासन से सड़क के मरम्मत की मांग की।
ग्रामीण अमित कुमार उर्फ हेमंत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कीचड़ और पानी से भरी बदहाल सड़क पर सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीण संदीप कुमार सिंह, ओमकुमार यादव, मंगेश यादव, किन्नू, आशीष सिंह, संतराम, राम प्रसाद यादव और राधेश्याम सिंह ने कहा कि यह सड़क उनके लिए जीवनरेखा जैसी है, लेकिन लंबे समय से उपेक्षित है। बरसात में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है।
लोगों ने बताया कि कई बार इसमें लोग गिरकर जख्मी भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बारे में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस बारे में सुनवाई नहीं कर रहे हैं।