स्वच्छता अभियान को बनाएं सफल: उपेंद्र तिवारी
आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत की
केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित महत्वाकांक्षी योजनाएं गिनाई
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खेल युवा कल्याण एवं पंचायतीराज विभाग के राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। जनसभागिता से ही अभियान अपने आयाम को पूर्ण करेगा। इसमें सभी को जुटकर सफल बनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति सचेत करते हुए संकल्प भी दिलाया। राज्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी गिनाईं।
ये बातें राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने शनिवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विकास भवन के रिसोर्स सेंटर भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि मोदी की सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनेगा, जो विश्व मानचित्र पर अंकित होगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की शृंखला तैयार कराई जा रही है। उसी कड़ी में संतकबीरनगर में भी यह काम होगा। शहीदों के नाम पर जमीन आवंटित की जाएगी। शहीदों की शहादत और पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया जाएगा। ऐसी सोच भाजपा सरकार की है। पीएम मोदी और सीएम योगी ने स्वच्छता की जो मुहिम छेड़ी है, उसमें डीएम, सीडीओ, बीडीओ, एडीओ से लेकर सफाई कर्मी भी जुड़े हैं। मंत्री, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान भी सहभागी बनें। शहर से लेकर गांव तक लोगों को जागरूक करें और यह बताए कि लोग पहले अपने घर और मोहल्ले की सफाई करें। 24 घंटे में सिर्फ दो घंटे सफाई कार्य पर समय खर्च करें। यदि यह शृंखला जनसहभागिता के रूप में बन गई तो निश्चित ही स्वच्छता का अभियान सफल हो जाएगा। पॉलिथीन मुक्त और गंदगी मुक्त देश और प्रदेश बनाने का मोदी का सपना है। 31 अक्तूबर को पटेल का जन्म शताब्दी मनाया जाएगा। उन्होने कहा कि जिस तरह खेल होने पर दर्शकों की ओर से तालियां बचाने पर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है, वैसे ही सफाई कार्य बेहतर ढंग से करने वालों का भी मनोबल बढ़ाया जाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों को भी आगे आना चाहिए। पीएम मोदी की सोच महात्मा गांधी के सपने को साकार करने का है। लखीमपुर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि उसमें जो भी दोषी होंगे, उन्हें योगी की सरकार में बख्शा नहीं जाएगा। गोरखपुर की घटना में भी योगी सरकार ने एसआईटी टीम के अलावा सेवानिवृत्त जज की कमेटी बनाकर जांच सौंपी है। राज्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि पात्रों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान परियोजना निदेशक दुर्गा दत्त शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव, डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, सत्यपाल पाल, संजीव राय, दीपूू सिंह, गणेश पांडेय, हैप्पी राय, ज्ञानेंद्र मिश्रा, अरूण कुमार आदि उपस्थित रहे।