त्योहारों पर नजर रखें सभी अधिकारी : डीएम
- डीएम ने त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने को लेकर बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें दुर्गा नवमी, दशहरा, दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन एवं बारावफात को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर चर्चा हुई।
डीएम ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित बनाए रखने के लिए सुपर जोनल/जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित एसडीएम और सीओ को अपने संपूर्ण क्षेत्र पर सतर्क दृष्टि रखने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर डयूटी पर तैनात अधिकारियों के मध्य समन्वय एवं मार्ग दर्शन देकर उनके कार्यों का पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि प्रत्येक घटना की सूचना तत्काल दी जाए। कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ मास्क की अनिवार्यता, सोशल डिस्टेसिंग एवं सैनिटाइजर का उपयोग करने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से आम जनमानस को जागरूक किया जाए। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि त्योहारों के दौरान कुछ अराजकतत्व शांति में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर सकते हैं, उन्हें चिह्नित कर पाबंद किया जाए। बैठक में एडीएम मनोज कुमार सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी समेत समस्त सीओ और तहसीलदार मौजूद थे।
डीएम व एसपी ने पूजा पंडालों का भ्रमण कर लिया जायजा
मूर्ति विसर्जन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल व एसपी डॉ. कौस्तुभ ने मंगलवार को दुर्गा पूजा व दशहरा को सकुशल संपन्न कराए जाने को लेकर थाना महुली क्षेत्र के नाथनगर, जमीरा व मुखलिसपुर में दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। साथ ही आयोजकों से बातचीत कर समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने मूर्ति विसर्जन तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम व एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल लगाते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि सार्वजनिक आवागमन बाधित न हो। लाउडस्पीकर के माध्यम से आमजनमानस को मास्क धारण करने, सोशल डिस्टेंसिंग एवं कोविड-19 के नियमों का पालन करने के लिए जागरुक किया जाए। दुर्गा पूजा, दशहरा के मद्देनजर सांप्रदायिक भावना भड़काने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के प्रति सचेत किया। उन्होंने मुखलिसपुर स्थित कुआनो नदी पर विसर्जन स्थल पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। मूर्ति विसर्जन में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग पर बैरिकेटिंग व रूट डायवर्जन के बारे में जानकारी दी। कहा कि बिजली आपूर्ति, पेयजल, विसर्जन स्थल पर नाव व गोताखोरों की समुचित व्यवस्था की जाए।