संभावित बाढ़ के मद्देनजर सतर्कता बरतने के निर्देश
बाराबंकी से 693080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की सूचना : एडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तराखंड व नेपाल में हो रही भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रीय जल आयोग एवं अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरयू नदी में एल्गन ब्रिज की अपर स्ट्रीम में बाराबंकी से 693080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। ऐसे में सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की प्रबल आशंका है। इससे तहसील धनघटा के लगभग 22 ग्राम प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार धनघटा को निर्देशित किया कि तहसील अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्रामों के आसपास रहने वाले जन समुदाय को सचेत कर दें कि कोई भी पुरुष, बच्चे, महिला, पशु सरयू नदी के जलभराव की तरफ न जाएं। संबंधित बाढ़ चौकियों को तत्काल स्थापित कर कर्मचारियों की तैनाती करते हुए बाढ़ चौकियों एवं बाढ़ शरणालयों का स्वयं निरीक्षण करें। साथ ही बाढ़ से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारीगण एसडीएम धनघटा एवं अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर लें।