मेंहदावल। केंद्र सरकार द्वारा अधिवक्ता संशोधन बिल 2025 को लेकर मेंहदावल तहसील बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बैठक की। बिल को लेकर नाराजगी जताने के साथ ही तहसील में विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मेंहदावल तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता राम प्रसाद पाठक के नेतृत्व में अधिवक्ता संघ ने बैठक करते हुए अधिवक्ता संशोधन अधिनियम बिल को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम प्रसाद पाठक ने कहा कि पूरे देश के अधिवक्ता समाज के साथ अधिवक्ता संशोधन बिल 2025 एक धोखा है। यह बिल अधिवक्ताओं के अधिकार का हनन करने वाला है। केंद्र सरकार जबरन अधिवक्ताओं पर यह बिल लाकर शोषण का शिकार बनाने का कार्य कर रही है। अधिवक्ता समाज इसे कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा।
विरोध प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार को अधिवक्ता समाज सचेत कर रही है कि यदि वह इस बिल को अविलंब वापस नहीं ले रही तो उसके खिलाफ पूरे देश के अंदर अधिवक्ता समाज विधि का लड़ाई के साथ-साथ आने वाले समय में होने वाले चुनाव में भाजपा का पूर जोर विरोध करेगी।
इस दौरान वरिष्ठ गोपाल राय, दिलीप भट्ट, मुरारी लाल यादव, मिठाई लाल यादव, गोपाल गुप्ता, नरेंद्र श्रीवास्तव आदि माैजूद रहे।