सड़क पर उतरे अधिवक्ता, किया प्रदर्शन
- एसडीएम और तहसीलदार को हटाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। धनघटा तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में बुधवार को अधिवक्ता सड़क पर उतर गए। तहसील परिसर से लगायत चौक तक नारेबाजी कर अधिवक्ताओं ने एसडीएम और तहसीलदार को हटाए जाने की मांग की।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल शरण सिंह के नेतृत्व में एकत्रित हुए अधिवक्ताओं ने बैठक कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ने की रणनीति बनाई। अध्यक्ष लालशरण का कहना था कि छपरा मगरबी और चपरा पूर्वी गांव का अभिलेख वर्षों से गायब है। जिस कारण उक्त गांव में न तो वरासत हो पा रही है और ना ही किसानों का अन्य कार्य हो पा रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग जिलाधिकारी से लगायत एसडीएम और तहसीलदार से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इतना ही नहीं एसडीएम और तहसीलदार के मातहत कर्मी पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। तहसील पर आने वाले फरियादियों का काम कराने के नाम पर धन उगाही कर रहे हैं। जिसकी शिकायत एसडीएम और तहसीलदार से की गई, लेकिन वह मातहतों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। इन्हीं सब समस्याओं के समाधान किए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर तहसील परिसर से लेकर चौक तक प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर दोनों अधिकारियों को तत्काल यहां से हटाए जाने की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल शरण ने कहा कि यदि जल्द इन दोनों अधिकारियों को यहां से हटाया नहीं जाता है तो अधिवक्ता वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव, ऋषिकेश ओझा, सुनील पांडे, दिलीप राय आदि मौजूद थे।