सीडीओ ने खराब प्रगति पर चार ब्लॉकों के अकाउंटेंट को दी प्रतिकूल प्रविष्टि
संतकबीरनगर। सीडीओ सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने शनिवार की देर शाम विकास भवन सभागार में बीडीओ और अकाउंटेंट के साथ बैठक की। मनरेगा योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा की। सबसे खराब प्रगति पर चार ब्लॉकों के अकाउंटेंट को प्रतिकूल प्रविष्टि दी साथ ही हैंसर बाजार बीडीओ का एक दिन का वेतन रोक दिया।
सीडीओ सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि सभी ब्लॉकों की बारी-बारी से प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा की प्रगति की समीक्षा की। सबसे खराब स्थिति पौली ब्लॉक, नाथनगर ब्लॉक, बघौली और सेमरियावां ब्लॉक की मिली। इन चारों ब्लॉकों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को तीसरी किस्त नहीं दी जा रही है। दूसरी और तीसरी किस्त के बीच में दस प्रतिशत तक भी प्रगति नहीं है। यह स्थिति बेहद गंभीर है। इसकी वजह से इन चारों ब्लॉकों के अकाउंटेंट को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। जबकि बीडीओ हैंसर अमरेश सिंह चौहान का एक दिन का वेतन रोक दिया गया। एक सप्ताह में प्रगति सुधारने का निर्देश दिया गया। उसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो आगे की कार्रवाई प्रस्तावित कर दी जाएगी। इसके साथ ही मनरेगा योजना की समीक्षा की गई। नियम है कि 15 दिन के अंदर मजदूूूरों की मजदूरी का भुगतान कर दिया जाए, लेकिन 292 भुगतान लंबित हैं। 73 ग्राम पंचायतों में अब भी मनरेगा का काम शुरू नहीं हो पाया है। जबकि सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा का काम कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिम्मेदारों को कड़ी हिदायत दी गई है कि जिन गांवों में काम नहीं शुरू हुआ है, वहां अविलंब काम शुरू कराएं। मिट्टी का काम अधिक कराने पर जोर दिया। इस दौरान पीडी दुर्गा दत्त शुक्ल, डीसी मनरेगा उमाकांत त्रिपाठी, बीडीओ रेनू चौधरी, अमरेश सिंह चौहान, महावीर सिंह आदि उपस्थित रहे।