नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
दवा व कीटनाशक का छिड़काव का चेयरमैन ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मोतीनगर मोहल्ले व मेंहदावल रोड के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण को शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर ध्वस्त करा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि दुबारा अतिक्रमण हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और घरों के आगे नालों पर चबूतरा बनाकर कब्जा कर लिया था, जिससे नालों की सफाई में समस्या आ रही थी। इससे जल निकासी बाधित होने से जलभराव की समस्या पैैदा हो गई। ऐसे में पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का मन बनाया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों और नगर पालिका के कर्मचारियों के बीच नोंकझोक भी हुई। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता जलभराव की समस्याओं को दूर करना है। अत्यधिक बारिश के चलते परेशानी आई, लेकिन काफी हद तक इस पर काबू पा लिया गया है। जलभराव के कारण संभावित रोगों से बचने के लिए सभी स्थानों पर दवा और कीटनाशकों का छिड़काव करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही जल्द ही नालों का चौड़ीकरण कर लोगों की समस्याओं का निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में नेशनल हाइवे के निर्माण के दौरान जलनिकासी के लिए बनाए गए पुलिया को बंद कर दिया गया, जिससे मोतीनगर, गोला बाजार उत्तरी मोहल्ले का पानी निकल नहीं पाया रहा है। नेशनल हाईवे के अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है, जल्द ही इसका निराकरण करने का आश्वासन मिला है। इस दौरान नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी सुरेश मौर्या, कर निरीक्षक आलोक श्रीवास्तव, वरिष्ठ लिपिक गोरखनाथ यादव, सफाई इंचार्ज पंकज कुमार, उमेश चौधरी, चेयरमैन प्रतिनिधि रविंद्र यादव और अश्वनी चौरसिया आदि उपस्थित रहे।