- एडीओ पंचायत ने जुलाई माह की जारी की कार्ययोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए सेमरियावां के एडीओ पंचायत ने ब्लाॅक के 113 ग्राम पंचायत के 190 राजस्व गांवों में सफाईकर्मियों की जुलाई माह की कार्ययोजना तैयार कर दिया है। तिथिवार चार्ट में किसे कौन सा कार्य करना है, सब अंकित कर दिया गया है। एडीओ पंचायत ने लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सेमरियावां ब्लाॅक के 113 ग्राम पंचायत के 190 गांव में 200 सफाईकर्मियों की तैनाती है। 1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान व 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। एडीओ पंचायत ने जुलाई माह की कार्ययोजना तैयार कर दी है। कार्ययोजना चार्ट में किन-किन तिथियों में क्या कार्य करना है, सब कुछ दर्ज किया गया है। किन तिथियों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, एंटी लार्वा छिड़काव व सरकारी भवनों की सफाई, मार्गों की सफाई जलजमाव का निस्तारण, ग्राम पंचायत में प्लास्टिक एकत्रित करना आदि शामिल हैं। लोगों की मानें अगर सफाईकर्मियों ने कार्ययोजना के मुताबिक कार्य किया तो गांव की सूरत बदल जाएगी।
190 गांवों में 200 सफाईकर्मियों की जुलाई माह की कार्ययोजना का चार्ट तैयार कर दिया गया है। सफाईकर्मी कार्ययोजना के मुताबिक तैनाती व ड्यूटी के गांव में कार्य करेंगे। इसकी प्रतिदिन जांच की जाएगी। संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- मईनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ पंचायत, सेमरियावां