अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद- धनघटा मार्ग पर निखरकपार मोड़ के पास मंगलवार रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तामेश्वरनाथ चौकी इंचार्ज शशिकांत तिवारी ने बताया कि डड़वा चौराहा निवासी पेशे से इनकम ट्रैक्स अधिवक्ता 30 वर्षीय रुद्रेश चौधरी पुत्र रूदल चौधरी मंगलवार को किसी काम से धनघटा गए थे। देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। खलीलाबाद -धनघटा मार्ग पर निखरकपार मोड़ के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से गुजरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे अधिवक्ता घायल हो गए। सूचना पर चौकी इंचार्ज और सहयोगी पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। इधर, कुछ दूर आगे ट्रक खड़ा कर चालक भाग गया था। पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस से घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूचना पर पीड़ित परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पीड़ित परिजनों का रो- रोक कर बुरा हाल था। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। पीड़ित परिजन की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।