सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के गेट पर फूंका एसएफआई का पुतला
संवाद न्यूज एजेंसी
कपिलवस्तु। केरल में एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा केरल के वायनाड में प्रताड़ना से छात्र के आत्महत्या के मामले में एबीवीपी ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने केरल के सत्ताधारी पार्टी के छात्र संगठन का पुतला भी फूंका और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं का आरोप था कि केरल वेटनरी एंड एनिमल साइंस यूनिवर्सिटी के द्वितीय वर्ष के छात्र जेएस सिद्धार्थनगर को प्रताड़ित व मारपीट कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। कहा कि केरल के शैक्षणिक संस्थानों में सत्ताधारी पार्टी सीपीएम के छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े लोग हिंसा, भ्रष्टाचार, छेड़खानी की घटनाओं में संलिप्त है। छात्र जेएस सिद्धार्थनगर का 18 फरवरी को वायनाड कैंपस हॉस्टल के बाथरूम में शव मिला था।
घटना के बाद से ही केरल में एबीवीपी न्याय की मांग के लिए विरोध प्रदर्शन कर रही है। एबीवीपी के नेपाल संयोजक प्रियांशु त्रिपाठी ने कहा कि वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। केरल के शैक्षणिक परिसर सीपीएम संरक्षित अपराधियों की हिंसक गतिविधियों का अड्डा बन गया हैं। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता अमन मिश्र, नागेंद्र, मनीराम, जया, अवंतिका उपाध्याय, प्रशांत, पल्लवी, कमलेश, अंबिका, अंजलि, आंशिमा, जानकी उपस्थित रही।