पाकिस्तान जिंदाबाद का ट्वीट करने वाले युवक का शांतिभंग में चालान
बखिरा। रविवार को क्रिकेट मैच में भारत की हार से उत्साहित बखिरा क्षेत्र के एक युवक ने पाकिस्तान जिंदाबाद का ट्वीट कर दिया। इसकी जानकारी होने पर बखिरा पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।
रविवार की शाम को टी-20 क्रिकेट का मैच हुआ था। इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को शिकस्त दे दी। पाकिस्तान की जीत से बखिरा क्षेत्र के हरदी गांव निवासी 22 वर्षीय इरफान ने अपनी खुशी का इजहार करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। जीत के जोश में ट्विटर पर इरफान ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखकर ट्वीट कर दिया। ट्विटर से जुड़े बखिरा क्षेत्र के कुछ लोगों ने भी इरफान के ट्वीट को देखकर आश्चर्य जताया। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसओ विजयनरायन प्रसाद ने बताया कि घटना को संज्ञान में लेकर मामले की जांच की गई। ट्वीट सही पाए जाने पर हरदी गांव के इरफान को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए एसडीएम खलीलाबाद के पास भेजा गया। एसडीएम नवीन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक को जमानत पर छोड़ दिया गया। संवाद