धनघटा/महुली। महुली क्षेत्र के ग्राम इटौवा में सोमवार की सुबह करीब आठ बजे अपने निर्माणाधीन घर की बिजली दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़ा युवक करंट की चपेट में आकर पोल से चिपक गया। बांस-बल्ली से लोगों ने उसे नीचे उतारा। आनन-फानन में उपचार के लिए पहले सीएचसी बनकटी बाद में कैली अस्पताल बस्ती ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महुली क्षेत्र के इटौवा में बिजली उपकेंद्र हरिहरपुर से बिजली सप्लाई होती है। सोमवार की सुबह आठ बजे गांव के ही विनय उर्फ सुमित मिश्र (22) पुत्र ओमप्रकाश अपने निर्माणाधीन घर की बिजली दुरुस्त करने के लिए प्राथमिक विद्यालय के करीब लगे पोल पर चढ़े। इस दौरान जोरदार करंट का झटका लग गया।
बड़े भाई नामित मिश्र ने बताया कि तेज धमाका सुनकर मौके पर लोग पहुंच गए।
करंट की चपेट में आने से वह तार से चिपक गए। इसके बाद लोगों ने बांस-बल्ली के सहारे हटाकर उन्हें नीचे उतारा और पीएचसी देईसाड़ ले गए। वहां हालत गंभीर देखते हुए सीएचसी बनकटी और वहां से कैली हॉस्पिटल बस्ती रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया।
हल्का लेखपाल अय्यूब ने बताया कि उसने परिवार के लोगों से इस बात के लिए अनुरोध किया कि वह लोग पोस्टमार्टम करवा लें। इससे उनको दुर्घटना हितलाभ मिल जाएगा। पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी नहीं हुए। देर शाम विनय का अंतिम संस्कार कर दिया गया।