धनघटा में रोती बिलखती मृतक अंशिका की मां।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
हादसे में छात्रा की मौत, भाई घायल
स्कूल से पढ़ कर चचेेरे भाई-बहन साइकिल से लौट रहे थे घर
रामजानकी मार्ग पर मलौली पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। रामजानकी मार्ग पर मलौली स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की शाम को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल पर पीछे बैठी छात्रा की मौत हो गई। जबकि साइकिल चला रहा चचेरा भाई घायल हो गया। हादसे के बाद जुटे लोग घायल को सीएचसी मलौली ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के भैसाखूट गांव निवासी 13 वर्षीय अनिल पुत्र बेचू और छह वर्षीय अंशिका पुत्री लालजी साइकिल से शुक्रवार को धनघटा स्थित एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ने गए थे। अनिल कक्षा आठवीं में उसकी उसकी चचेरी बहन अंशिका कक्षा एक में पढ़ती थी। शाम को विद्यालय से छुट्टी होने पर दोनों एक ही साइकिल से घर लौट रहे थे। साइकिल अनिल चला रहा था। जबकि अंशिका पीछे बैठी थी। दोनों मलौली स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि उसी दौरान धनघटा से सिकरीगंज की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। ट्रक चालक ट्रक के साथ भाग निकला। राहगीर हादसा होने के बाद जब पहुंचे तो अंशिका की मौत हो चुकी थी। जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रहा था। घायल अनिल को लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि पुलिस ने अंशिका के शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों बच्चों के परिजन अस्पताल में पहुंच गए। बेटी का शव देखकर परिजन बदहवाश हो गए। थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक ने बताया कि अंशिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, वैसे ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।