संतकबीरनगर। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशीय संगठन के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर शिक्षामित्र 22 मई को नेशनल हाईवे जाम कर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को शिक्षामित्रों ने जिला मुख्यालय पर बैठक कर चक्का जाम की रणनीति बनाई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी ने कहा कि विशिष्ट बीटीसी प्रशिक्षु की भांति 7,300 रुपये वेतनमान 12 माह की स्वीकृति के साथ एक अप्रैल 2012 से दिया जाए। प्रशिक्षणरत शिक्षामित्रों का परीक्षाफल समय से शासनादेश के अनुसार कर समायोजित किया जाए। सात जून 2013 से 22 जून तक जो आदेश हुआ है, जून माह का मानदेय का आदेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि 22 मई को इन सब मांगों को लेकर नेशनल हाईवे बाईपास चौक खलीलाबाद को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान यातायात पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को तीन सूत्रीय ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ भी इस आंदोलन को अपना सहयोग दे रहा है। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरसिंह कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकरन यादव, हनुमान चौरसिया, मान सिंह, वायुनंदन त्रिपाठी, जालंधर प्रसाद, उमाकांत मौर्य, नितीश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।