एफसीआई में बेटे की नौकरी की लालच में गंवा दिए साढ़े नौ लाख रुपये
झांसे में लेकर आरोपी ने ऐंठ ली रकम, वापस मांगने पर दे रहा धमकी
आरोपी के खिलाफ दर्ज कराया गया जालसाजी और गबन का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। बेरोजगार बेटे की एफसीआई में नौकरी के लालच में पिता ने साढ़े नौ लाख रुपये गंवा दिए। आरोपी ने रकम लेकर ऐंठ लिया और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें भ्रमित करता रहा। जब नौकरी नहीं मिली तो रकम वापस मांगने पर जानमाल की धमकी दे रहा है। इस मामले में महुली पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ जालसाजी और गबन का केस दर्ज किया।
महुली क्षेत्र के गालिमपुर निवासी अजय यादव पुत्र शिव सहाय का आरोप है कि कुछ वर्ष पूर्व उसके पिता से गोरखपुर जिले के शाहपुर निवासी विजय यादव ने मुलाकात की। अपनी अच्छी पकड़ होने का पिता को झांसा दिया और बेटे की नौकरी एफसीआई में लगवाने की बात की। उसके एवज में विजय यादव ने उसके पिता शिव सहाय को फर्जी कागजात बनाकर दिखाया। नौकरी के नाम पर साढ़े नौ लाख रुपये ले लिया। काफी दिनों तक जब नौकरी नहीं मिली तो संपर्क किया गया। विजय यादव बार-बार दौड़ाते रहे। जब पैसा वापस मांगा गया तो उल्टे ही अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी दे रहे हैं। एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि अजय यादव की तहरीर के आधार पर आरोपी विजय यादव निवासी आवास विकास कॉलोनी थाना शाहपुर जिला गोरखपुर के खिलाफ जालसाजी और गबन का केस दर्ज किया। मामले की विवेचना में जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।