जिले में 68 स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू करने की तैयारी
- लोगों को घर के नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। चुनावी वर्ष में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दे रही है। जहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सक्रिय किए जा रहे हैं वहीं जिले के नवीन स्वीकृत 68 उपकेंद्रों को भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए किराए के भवन की तलाश तेज कर दी गई है। प्रयास यह है कि इसी माह इन उपकेंद्रों का संचालन शुरू कर दिया जाए।
सरकार ने इस साल जिले को 68 स्वास्थ्य उपकेंद्रों की सौगात दी है। इसमें खलीलाबाद ब्लॉक में मझगांवा, बेलपोखरी, महदेवा, फेरूसा, शिवसरा,भगता, सरौली सहारूम, पानाराम, कटका, रसूलाबद, कटबंध आदि शामिल हैं। इन उपकेंद्रों को तत्काल संचालित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जहां संबंधित ग्राम पंचायतों को पत्र भेजकर जमीन मुहैया कराने का आग्रह किया जा रहा है वहीं जब तक जमीन की उपलब्धता और भवन का निर्माण कार्य पूरा न हो जाए तब तक किराए के भवन में उपकेंद्रों को संचालित किया जाना है। पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मंडलीय प्रोग्राम मैनेजर अरविंद पांडेय ने बैठक कर जल्द से जल्द किराए का मकान तलाशने का निर्देश दिया था। इसके अनुपालन में सभी ब्लॉकों में किराए का भवन तलाशने का प्रयास तेज कर दिया गया है। उम्मीद है कि इस माह के अंत तक किराए के भवन की व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद उपकेंद्रों पर एएनएम की तैनाती करते हुए इन्हें संचालित करा दिया जाएगा। इन उपकेंद्रों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को घर के नजदीक की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेगी। इसमें गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण आदि शामिल है। अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि शासन से स्वीकृत स्वास्थ्य उपकेंद्रों को जल्द से जल्द संचालित करा दिया जाएगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।