45 ग्राम पंचायतें बनेंगी मॉडल गांव
चयनित ग्राम पंचायत में शत-प्रतिशत सभी योजनाओं का होगा क्रियान्वयन
हर ब्लॉक से चयनित की गई हैं पांच ग्राम पंचायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/सेमरियावां। जनपद के नौ ब्लॉकों की 45 ग्राम पंचायतों को मॉडल गांव के रूप में चयनित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक से पांच ग्राम पंचायतों को मॉडल गांव बनाया जाएगा। सीडीओ की ओर से सभी बीडीओ को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बीडीओ ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए हैं।
मॉडल गांव के रूप में चयनित ग्राम पंचायत में शासन की ओर से संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन होना है। सेमरियावां बीडीओ हरि पूजन सिंह ने बताया कि सेमरियावां ब्लॉक में पांच ग्राम पंचायतों को मॉडल गांव बनाने के लिए चयनित किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में सभी विकास कार्यों और शासन की ओर से संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या आदि के बारे में संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को रंगीन बुकलेट बनाकर तीन दिन के अंदर जमा करने के लिए कहा गया है। इससे योजनाओं की प्रगति की जानकारी हो सकेगी। फिर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए सभी को कार्य करना होगा। 100 दिन में सभी विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना है। ताकि ग्राम पंचायत को मॉडल गांव बनाया जा सके। इससे अन्य गांव को प्रेरणा मिलेगी। ये मॉडल गांव अन्य गांवों के लिए नमूना होंगे।
इन गांवों को मॉडल गांव बनाया जाएगा
सेमरियावां ब्लॉक- सेहुड़ा, कोइलसा, सोनौरा गौसी, तिलजा, सेमरियावा
बेलहर ब्लॉक- बभनी, अमर ढोभा, भेला खर्ग, पकड़ी आराजी, देवकसा
बघौली ब्लॉक- पचेठी, औरंगाबाद, जंगल कला, रसहरा, आटा कला
खलीलाबाद ब्लॉक- निहिया खुर्द, उमरी खुर्द, मैनसिर, तामा, नमवा
नाथनगर ब्लॉक- तरयापार, अलीनगर, सुबखटी, मुखलिसपुर, जयराम पाट्टी
मेंहदावल ब्लॉक- डुमरियाबाबू, भैंसामाफी, समदा, नावद, कुडवा
पौली ब्लॉक- शनिचरा बाजार, दूलमपुर, मटौली, परसहर, अजाम
हैंसर ब्लॉक- चपरा पूर्वी, भरतपुरा, बकौली, धनघटा, सोनडीहा
सांथा ब्लॉक- हरैया, बौर ब्यास, देवकली, बंजरिया, नेतारी कला