चेकिंग में पकड़े गए दो चोर
चंगेरा-मंगेरा से चुराए गए तीन मोबाइल फोन व 2100 रुपये नकदी बरामद
पूछताछ में कई अन्य घटनाओं के बारे में भी पुलिस को दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के बूधा कला मोड़ के पास बुधवार को चेकिंग में पुलिस ने दो युवकों को चोरी के तीन मोबाइल फोन और 2,100 रुपये नकदी के साथ पकड़ा। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने एक महीने पूर्व कोतवाली क्षेत्र के चंगेरा-मंगेरा से तीनों मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।
कांटे चौकी इंचार्ज श्याम मोहन ने बताया कि बूधा कला मोड़ के पास सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक से दो युवक गुजरे, जिन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे भागने लगे। घेरेबंदी करके उन्हें पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन व 2,100 रुपये नकदी बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान हनुमान कुमार शर्मा निवासी बेलवनिया व मोनू कुमार निवासी बहिलापार कोतवाली के रूप में हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि बरामद तीनों मोबाइल फोन 12 मई को चंगेरा-मंगेरा गांव निवासी विजयनाथ और सुभाष के पास से सोने के दौरान चोरी की थी। इसके अलावा 5000 रुपये नकदी भी चुराई थी। बरामद 21,00 रुपये चोरी का है। पुलिस की पूछताछ में कुछ अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी। चौकी इंचार्ज ने ताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक, भौतिक लाभ के लिए जनपद व सीमावर्ती जनपदों के विभिन्न स्थानों से मौका देखकर घरों/दुकानों से चोरी करते हैं। सही ग्राहक मिलने पर सामान को बेचकर मिली हुई कीमत से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।