1228 मरीजों की सेहत जांची गई
जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित किया गया आरोग्य स्वास्थ्य मेला
कोविड हेल्प डेस्क में आए 998 मरीजों में 192 की आरटीपीसीआर जांच हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ। इस मेले में 1228 मरीजों की निशुल्क जांच और दवाइयां दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क में कुल 998 लोग आए, जिनमें से 192 की आरटीपीसीआर जांच की गई।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की निशुल्क सेवाएं दी गईं। बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 1228 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। इसमें 478 पुरुष, 599 महिलाएं और 151 बच्चे शामिल रहे। इनमें सांस के 92, मधुमेह के 42, त्वचा रोग के 181, ब्लड प्रेशर के 49, एनीमिया के 10, लीवर के 20 तथा अन्य रोगों के 815 रोगी पहुंचे। इसके साथ ही 35 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।