चंदौसी (संभल)। एक युवक के मोबाइल पर केवाईसी अपडेट कराने के लिए मैसेज आया और दिये लिंक पर क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही युवक केे बैंक खाते से दो बार में करीब 72 हजार रुपये की धनराशि गायब हो गई। युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
चंदौसी के मोहल्ला रामस्वरूप रोड प्रियंक शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अप्रैल को उसके मोबाइल पर दोपहर के समय एक मैसेज आया। जिसमें एसबीआई खाते से केवाईसी अपडेट करने को कहा गया। उसमें एक लिंक दिया गया था। केवाईसी के लिए लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से पहली बार में 24 हजार 997 रुपये और दूसरी बार में 47273 रुपये की निकासी हो गई। ठगों ने दो बार में 72 हजार 270 रुपये ठग लिये। खाते से रकम गायब होने पर ठगी का एहसास हुआ। युवक ने कोतवाली चंदौसी में तहरीर देकर धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।