चंदौसी। मिशन शक्ति के तहत जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी तथा उन्हें जागरूक किया गया। महिलाओं से थाने में बनी महिला डेस्क पर मौजूद महिला कांस्टेबल से अपनी शिकायत दर्ज कराने की बात कही। ताकि उसका समय से निस्तारण कराया जा सके।
बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे जीआरपी के उपनिरीक्षक रणवीर सिंह व आरपीएफ उपनिरीक्षक अजय कुमार ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर उपस्थित महिलाओं व युवतियों को मिशन शक्ति के तहत जागरूक किया।
दोनों अधिकारियों ने महिलाओं व युवतियों को बताया कि वह अपनी किसी भी तरह की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1090 पर दर्ज करा सकती हैं। इस नंबर पर उनकी हर तरह की बात गोपनीय रखी जाएगी। जो शिकायत हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जाएगी, उसकी जांच कराने के बाद आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महिलाएं व युवतियां बेझिझक थानों में बनी महिला डेस्क पर पहुंच, महिला कांस्टेबल को अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस अवसर पर महिला सिपाही राहुल कुमारी, कांस्टेबल रुचिन कुमार, रविंद्र कुमार, ओमराज सिंह, कौशल कुमार, ब्रजमोहन आदि मौजूद रहे।