चंदौसी (संभल)। कोतवाली क्षेत्र के सीता रोड स्थित खाली मैदान में महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली। उसे उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। यहां से महिला को मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादास ले गए। मृतका के भाई की ओर से एक महिला के विरुद्ध थाना फैजगंज बेहटा में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास निवासी एक महिला अपनी रिश्ते की देवरानी मोनिका देवी (26) पत्नी प्रदीप कश्यप को शुक्रवार की शाम चार बजे थाना चंदौसी के गांव बर्रई में शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर लाई थी। इसके बाद शाम छह बजे मोनिका देवी संदिग्ध परिस्थितियों में सीता रोड स्थित एक मैदान में पड़ी मिली। शरीर पर चोट के निशान भी थे। जानकारी मिलने पर मोनिका का देवर मौके पर पहुंच गया और उपचार के लिए सीता रोड स्थित एक निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर रुपये का इंतजाम करने अपने घर गांव खेड़ादास गया। तभी आरोपी महिला एंबुलेंस से मोनिका को मुरादाबाद लेकर जा रही थी। रास्ते में मोनिका ने दम तोड़ दिया।
मोनिका की मौत के बाद आरोपी महिला फरार हो गई। एंबुलेंस चालक महिला के शव को लेकर गांव खेड़ादास लेकर पहुंचा। महिला का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। महिला के पति प्रदीप कश्यप ने आरोपी रिश्तेदार महिला के विरुद्ध थाना फैजगंज बेहटा में तहरीर दी है। जबकि थाना फैजगंज बेहटा पुलिस घटनास्थल चंदौसी का बता रही है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि मृतका का पति अपनी पत्नी के साथ अनहोनी होने की बात कह रहा है।
::::::::
मामला संज्ञान में आया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - आलोक कुमार सिद्धू, सीओ चंदौसी