संभल। जिले में डेंगू का डंक बढ़ता जा रहा है। संभल तहसील क्षेत्र में डेंगू से दूसरी मौत सिरसी की महिला की हुई है, उसे तीन दिन पहले बुखार आया था। उपचार के दौरान हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी के मोहल्ला सादक सराय निवासी शमा परवीन (35) पत्नी मेंहदी हसन को तीन दिन पहले बुखार आया था। बुखार आने पर पहले तो परिजनों सिरसी में ही दिखाया, लेकिन हालत खराब हुई तो फिर संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद शुक्रवार को महिला की मौत हो गई। इसके अलावा तेज बुखार से कई मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग अंजान बना हुआ है। न कहीं एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने हाल पर हैं।