संभल। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि दिवाली पर होने वाले जुए में रेड मारने पुलिस नहीं जाएगी। इसी दौरान वह एक थानाध्यक्ष को भी उठाकर सवाल जवाब करते हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों में चर्चा शुरू हो गई।
यह वीडियो बुधवार का है। जिलाधिकारी संजीव रंजन और पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की थी। बैठक के दौरान ही पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को दिवाली त्योहार के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान का यह वीडियो है जिसमें वह कह रहे हैं कि दिवाली पर होने वाले जुएं में किसी भी प्राइवेट जगह पुलिस रेड मारने नहीं जाएगी। इस वीडियो की सच्चाई जानने के लिए जब पुलिस अधीक्षक से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि यह वीडियो आधा अधूरा है। जबकि सभी थाना प्रभारियों केे यह आदेश किया गया था कि थाने की पुलिस दिवाली के जुए में रेड मारने नहीं जाएगी जब तक कोई अधिकारी साथ न हो। अधिकारी के नेतृत्व में ही कार्रवाई की जाएगी।