चंदौसी में बृहस्पतिवार की देर रात खाने के पैसे मांगने पर पुलिसकर्मियों ने ढाबे पर जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर ढाबा संचालक से गाली गलौज की। बचाव में उतरे एक युवक को बुरी तरह से पीटा। काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। चंदौसी में सीओ ऑफिस से चंद कदम दूर स्थित ढाबे पर बृहस्पतिवार की रात दो कांस्टेबल खाना खाने के लिए पहुंचे थे।
पहले दोनों ने ढाबे पर बैठकर शराब पी। इसके बाद खाना पैक करवाया। आरोप है कि दोनों कांस्टेबल बिना पैसे दिए ही जाने लगे। ढाबा स्वामी ने उन्हें पैसे के लिए टोका। इस पर दोनों कांस्टेबल आग बबूला गए। गुस्साए कांस्टेबलों ने ढाबा स्वामी से गाली गलौज शुरू कर दी। यहां मौजूद एक युवक ने जब पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने की धमकी दी।
इस पर दोनों कांस्टेबल युवक पर टूट पड़े। गिरेबान पकड़कर युवक को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद लात घूंसों से युवक को बुरी तरह पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया तो उनसे भी गाली गलौज की गई। काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
भीड़ होते देख कांस्टेबल मौके से फरार हो गए। ढाबा संचालक ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी पहले भी कई बार बिना पैसे दिए खाना खाकर चले गए हैं। पैसे मांगने पर जेल भेजने की धमकी देते हैं। पुलिसकर्मी कहां तैनात हैं, इसकी जानकारी नहीं है।
ढाबे पर पुलिसकर्मी से विवाद की जानकारी मिली है। मामले को दिखवाते है, जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ प्रदीप कुमार, सीओ चंदौसी