बहजोई। मकान में काम करते समय करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। हादसा गांव रायपुर कलां में हुआ। इस बीच सरकारी अस्पताल में लोगों की भीड़ रही।
बृहस्पतिवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी राजमिस्त्री मुफीक पुत्र शकील (30) को शाम छह बजे करीब 108 नंबर एंबुलेंस अचेत अवस्था में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां चिकित्साधिकारी डा. सचिन वर्मा की ओर से मुफीक को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के चाचा अकील के मुताबिक मुफीक पिछले करीब 20 दिन से गांव रायपुर कलां के एक मकान में राजमिस्त्री का काम रहा था। शाम को पौने छह बजे करीब मोबाइल फोन पर सूचना मिली, कि दोपहर किसी समय करंट लगने से मुफीक अचेत अवस्था में पड़ा है। जानकारी मिली, तो सामने आया कि मुफीक सरकारी अस्पताल में है। अस्पताल आकर देखा, तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि जिस मकान में वह काम कर रहा था, मकान मालिक की ओर से भी पूरे मामले में कोई जानकारी नहीं दी गई। मुफीक के छोटे-छोटे दो बेटे व एक बेटी है। राजमिस्त्री का काम कर परिवार चलाता था। अब बच्चों के पालन-पोषण पर संकट रहेगा। प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।