चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मौलागढ़ के शिव मार्ग पर सड़क का निर्माण पीडब्लूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है। शनिवार की सुबह कुछ लोगों ने सड़क का लेवल ऊंचा कराने को लेकर ठेकेदार से निर्माण कार्य रुकवा दिया। मगर अन्य लोगों ने पहुंच यथास्थिति रखने की बात कही। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत कराया और निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया।
मौलागढ़ के शिव मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 100 मीटर सड़क बन चुकी है। इसके बाद कुछ लोगों ने ठेकेदार से कहकर उस स्थान पर सड़क का लेवल ऊंचा कराना चाहा। सूचना पर अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने सड़क ऊंची कराने का विरोध किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। कहा कि यदि यहां से सड़क ऊंची की जाती है तो आसपास क्षेत्र में जलभराव होगा। पहले से ही क्षेत्र जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। काम रुकने पर ठेकेदार ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सूचना दी। विभाग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाया शांत कराया।
इसके बाद जिस तरह से सड़क का निर्माण कराया जा रहा था उसी प्रकार से प्रारंभ करा दिया गया। इस मौके पर अरुण सिंह, सतवीर सिंह, दारा सिंह, अशोक कुमार, मोहनलाल, सुमन आदि रहे।