होली की खुशियां एक साथ साझा करने के बाद जा रहे दो दोस्तों की बाइक को निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह घायल हुए दोनों युवकों की इलाज की कोशिशें शुरू होने से पहले ही मौत हो गई। मौके से बस समेत भागे चालक को पुलिस ने घेर कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव बाघऊ निवासी जीतू (19) के घर बबराला से उसका दोस्त धर्मेंद्र (20) होली खेलने आया हुआ था। शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे जीतू अपने दोस्त धर्मेंद्र को बाइक से बबराला पहुंचाने जा रहा था। बबराला में इंदिरा चौक पर पहुंचने के बाद जीतू ने बाइक बाजार की ओर मोड़ दी। इसी बीच पीछे से तेज गति में आ रही निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। तेज टक्कर से दोनों मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए।
चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दोनों को गुन्नौर स्थित सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर हादसे के बाद आरोपी चालक ने बस अनूपशहर रोड की ओर दौड़ा दी। चौराहे पर तैनात पुलिस ने बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। पुलिस ने पीछा किया और कुछ दूरी पर घेर कर चालक को बस समेत पकड़ लिया।
गुन्नौर ने थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। चालक को हिरासत में लेने के साथ बस कब्जे में ले ली है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
देर रात जीतू अपने दोस्त धर्मेंद्र को बबराला उसके घर छोड़ने जा रहा था। जीतू बाइक चला रहा था। जीतू ने भी हेलमेट नहीं पहना था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों के सिर में भी गहरी चोट लगी है। लोगों ने कहा कि यदि हेलमेट पहना होता तो दोस्तों की जान बच सकती थी।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव बाघऊ निवासी जीतू और बबराला निवासी धर्मेंद्र के बीच अच्छी दोस्ती थी। दोनों बबराला में जूते की दुकान पर बतौर सेल्समैन साथ काम करते थे। हादसे के बाद उनके करीबियों ने दुख जताते हुए कहा कि साथ काम करने वाले दोनों दोस्त साथ-साथ दुनिया से विदा हो गए।