चंदौसी। नगर के हनुमानगढ़ी पर लगा नलकूप पिछले चार दिनों से खराब है। इससे दर्जन भर मोहल्ले के दो हजारों घरों में पेयजल आपूर्ति का संकट गहरा गया है। कुछ घरों में सबमर्सिबल लगा है। मगर अधिकांश घर नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन के सहारे हैं। ऐसे लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों को दूर लगे हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ा है। नलकूप विभाग के जेई से शिकायत के बाद भी नलकूप को सही नहीं कराया गया है।
नगर पालिका क्षेत्र के हनुमानगढ़ी में नलकूप से दर्जन भर से अधिक मोहल्लों को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। चार दिन पूर्व नलकूप में खराबी आने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई और पाइपलाइन में पानी जाना बंद हो गया। इससे नागरिकों को घरेलू कार्य के लिए पानी दूर दराज से लगे हैंडपंपों से लाना पड़ रहा है।
नलकूप खराब होने से पुरानी पैठ, बिसौली गेट, मोहल्ला महाजन, बैंक रोड, बड़ा बाजार, घास मंडी, शिव सहाय बाजार, मोहल्ला साहूकारा, घास मंडी, रामनौमी मोहल्ला सहित अन्य मोहल्लों में पिछले चार दिन से पाइपलाइन में पानी नहीं आया। यहां के सभासद देवेंद्र गुप्ता कई बार नलकूप विभाग के जेई अनुज चौधरी से मिल समस्या समाधान की मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक नलकूप को दुरुस्त नहीं कराया जा सका है।
घरेलू कार्य के लिए सुबह को पानी नहीं मिलने से महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। इन क्षेत्रों में कुछ घरों में सबमर्सिबल लगा है और अधिकांश घर पाइपलाइन पर आने वाले पानी पर ही निर्भर है। जिससे ऐसे लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।