चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नोनवाला से चोर बंद मकान में छत के रास्ते घर में घुस गए। चोर घर से कीमती सामान समेट रफूचक्कर हो गए। जबकि परिवार संभल गमी में गया हुआ था। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
मोहल्ला नोनवाला निवासी इकबाल अपने परिवार के साथ रहता है। मंगलवार को उसकी संभल निवासी सास की तबियत खराब हुई तो इकबाल की पत्नी शबनम अपने मायके चली गई। शाम को उसकी सास के इंतकाल की सूचना आई। इस पर इकबाल अपने बच्चों को साथ लेकर संभल चला गया। रात करीब साढ़े दस बजे इकबाल के पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की सूचना दी।
इकबाल अपने परिवार के साथ 12 बजे घर आ गया। दरवाजे का ताला खोलकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इकबाल की पत्नी शबनम ने बताया कि चोर उसके मकान में छत के रास्ते घुसे थे। मकान की छत पर जाल नहीं है। चोर उसके घर से 28,600 रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की बाली, एक अंगूठी, एक पैंडिल, एक जोड़ी चांदी की पाजेब सहित अन्य सामान चुरा ले गए। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।