जुनावई। मेरठ बदायूं हाईवे गांव दुबारी कलां के पास तेज गति में अनियंत्रित होकर दुग्ध वाहन डिवाइडर से टकरा गया और दूसरी दिशा में जाकर पलट गया। वाहन के नीचे बाइक आ गई। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई तथा दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद से वाहन चालक गायब है। पुलिस ने महिला के शव को सील कर पीएम के लिए भेज दिया।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पतेई नासिक निवासी सोमवीर (22), अपनी पत्नी रिंकी (21) तथा गांव के ही राजकुमार (20) के साथ बाइक से बदायूं जनपद के गांव टहरा में किसी काम से जा रहे थे। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ बदायूं स्टेट हाईवे पर गांव दुबारी कलां के पास दूसरी दिशा से तेज गति में आ रहा दुग्ध वाहन अनियंत्रित हो गया। डिवाइडर पर चढ़कर दुग्ध वाहन गलत दिशा में आ गया और पलट गया।
हादसे में बाइक व तीनों सवार दुग्ध वाहन के नीचे दब गए। ग्रामीण दौड़कर मौके पर एकत्र हो गए और तीनों को दुग्ध वाहन के नीचे से निकाला। गंभीर हालत में उन्हें सीएसी जुनावई में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने रिंकी को मृत घोषित कर दिया है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद दुग्ध वाहन चालक मौके पर नहीं मिला, वह गायब हो गया। महिला की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।