चंदौसी(संभल)। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ ही लापरवाही भी बढ़ने लगी है। सोमवार की रात चंदौसी के गोपाल मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय महिला के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार की दोपहर पहुंची। इस दौरान महिला घर पर मिली नहीं और वह संक्रमित महिला बाजार में घूमती फिर रही थीं। जब घर लौटीं तो दो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगीं।
पड़ोसियों ने महिला को घर में देखा तो पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी। मौके पर पुलिस तो पहुंच गई लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद पहुंची। इसके बाद महिला को कैलादेवी सीएचसी में बने कोविड अस्पताल भर्ती कराया गया। महिला में लक्षण मिले हैं। जिला सर्विलांस अधि कारी का कहना है कि महिला से संपर्क नहीं हो पाया था। घर पर कोई मिला नहीं था। महिला को कैलादेवी अस्पताल में भेज दिया है। जो बच्चे ट्यूशन पढ़ते मिले हैं उनकी भी जांच कराई जाएगी। पड़ोसियों में भय का माहौल है।