जुनावई(संभल)। क्षेत्र के गांव अहरौला नवाबाबाद के जंगल में खेतों की रखवाली कर रहे किसान का मचान के नीचे मिला। किसान के माथे व गुप्तांगों पर चोट के निशान हैं। हत्या की आशंका है। मृतक के बेटे ने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जुनावई क्षेत्र के गांव अहरौला नवाबाबाद निवासी वृद्ध किसान रामवीर सिंह (60) ने गांव के किसान अजयपाल की भूमि बंटाई पर ले रखी थी और उसमें गन्ना व सरसों की फसल की बुवाई कर रखी है। रामवीर सिंह छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली के लिए खेत पर मचान बनाकर रहते थे। परिजन रोजाना सुबह का खाना देकर आ जाते थे। गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे किसान अजयपाल खेत पर ट्रैक्टर से जुताई करने पहुंचे। वहां उन्हें मचान के नीचे रामवीर सिंह का शव देखा।
सूचना पर परिजन व ग्रामीण और पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के माथे व गुप्तांगों पर चोट के निशान थे। किसान के बेटे कालीचरण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अभी किसी से विवाद की बात से इनकार किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा। हो सकता है मचान से गिरकर उनकी मौत हुई है। परिजनों ने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर थाना गुन्नौर