संभल। हयातनगर स्थित राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों द्वारा अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिल रैली निकालकर ग्रामीणों को फिट रहने का संदेश दिया गया। शुक्रवार को महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रभा शर्मा के निर्देशन और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आसिम के नेतृत्व में डॉ. अब्दुल रहमान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर गोद लिए हुए गांव मुजफ्फरपुर की तरफ रवाना किया।
शिविरार्थियों ने साइकिल चलाकर और पैदल चलकर फिट इंडिया, हिट इंडिया का संदेश दिया। साथ ही स्वास्थ्य है जीवन का सार, इसके बिना है सब बेकार, आओ जरा सेहत बनाएं, सब मिलकर साइकिल चलाएं, पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त बनाएं, दो पहिया वाहन साइकिल अपनाना है, हमारी साइकिल की बस दो ही आदतें; बुलंद इरादे और हवा से बातें आदि नारे लगाकर ग्रामीणों को साइकिल चलाने व योग करने के साथ ही स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को फिट रहने से होने वाले फायदों के बारे में अवगत कराया। डॉ. आसिम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय साइकिल दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने के फायदों के प्रति जागरूक करना है। बताया कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। डॉ. नौमी प्रिया ने बताया कि साइकिल चलाने से वातावरण प्रदूषण मुक्त रहता है। साथ ही इसे चलाने से हमारे शरीर का व्यायाम भी हो जाता है। साइकिल चलाने से वजन कम करने में सहायता मिलती है और हमारी मांसपेशियां मजबूत होती हैं। सचिन कुमार ने बताया कि साइकिल चलाने से हमारे फेफड़े मजबूत होते हैं। क्योंकि साइकिल चलाते समय हम गहरी सांस लेते हैं, ऐसे में अधिक मात्रा में ऑक्सीजन हमारे फेफड़ों तक पहुंचती है और फेफडों की कार्य क्षमता में सुधार होता है। जिससे फेफड़ों को मजबूती मिलती है। डॉ. अब्दुल रहमान ने कहा कि जिन लोगों को डायबिटीज है, उन्हें प्रतिदिन 30 मिनट तक साइकिल चलानी चाहिए। साइकिल चलाने से शुगर लेवल नियंत्रित रहता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। इस दौरान सबा खान, सुभाष बाबू आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।