चंदौसी। छात्रा को पत्र देकर मोबाइल मांगने वाले छात्र को छात्रों ने जमकर पीटा। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना से स्टेशन रोड पर हंगामे की स्थिति रही। जिससे करीब दस मिनट तक जमा लगा रहा।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती चंदौसी में एक कॉलेज में पढ़ती है। आरोप है कि कुछ दिन पहले गांव के ही युवक ने छात्रा को पत्र देकर मोबाइल नंबर मांगा था। युवक भी उसी कॉलेज में पढ़ता है। पत्र देने की बात छात्रा ने अपने साथी छात्र को बताई। इस पर सोमवार को कुछ छात्र कॉलेज के गेट पर आरोपी का इंतजार करने लगे। दोपहर करीब एक बजे आरोपी कॉलेज पहुंचा तो छात्रा के इशारे पर छात्रों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना में आरोपी के कपड़े फट गए और स्टेशन रोड पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। राहगीरों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। घटना से दस मिनट तक स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर कोतवाली है। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को नहीं हो सकी।