संभल। बैकडेटिंग करके असंक्रमणीय (नानट्रांसफरेबिल) भूमिधरी को संक्रमणीय (ट्रांसफरेबिल) भूमिधरी में दर्ज करने के मामले में अपर जिलाधिकारी की जांच आख्या के बाद जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को निलंबित किया है। गुन्नौर के उप जिलाधिकारी ने छह लेखपालों को निलंबित किया है।इस तरह से सात लेखपाल फर्जीवाड़े में फंसे हैं।
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी मदन यादव ने जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर राजस्व रिकार्ड में बैकडेटिंग करके कुछ लोगों को जमीन के ट्रांसफर करने का अधिकार दिए जाने संबंधी खेल का खुलासा किया था। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने शिकायत को गंभीरता से लिया। अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी को जांच सौंपी। अपर जिलाधिकारी ने 12 मार्च को जिलाधिकारी के समक्ष जांच आख्या प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने जांच के आधार पर राजस्व निरीक्षक रक्षपाल सिंह को निलंबित करने का आदेश दिया। इसके साथ गुन्नौर के उप जिलाधिकारी को लेखपाल अभिषेक कुमार, विजय कुमार, चंपत सिंह, उपकार त्यागी, राकेश कुमार तथा प्रमोद कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने छह लेखपालों को निलंबित कर आख्या जिलाधिकारी को भेजी है। गुन्नौर के तहसीलदार ने लेखपालों को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।