संभल। तहसील क्षेत्र में कई वर्ष पहले एक व्यक्ति की मौत हुई थी। उसकी पत्नी और बेटी के नाम पैतृक जमीन की विरासत दर्ज होनी थी लेकिन तत्कालीन लेखपाल ने लापरवाही की। बेटी का नाम विरासत में दर्ज नहीं किया। यह मामला बालिग होने के बाद बेटी ने अब मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी के सामने उठाया। अपर जिलाधिकारी ने तत्कालीन लेखपाल की जवाबदेही तय करने के लिए एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं। मौजूदा लेखपाल को तलब करके विरासत दर्ज करने का आदेश दिया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नियमानुसार पैतृक जमीन पर मृतक की पत्नी और बेटी के नाम विरासत में दर्ज होने चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह तत्कालीन राजस्वकर्मी की लापरवाही है। इस मामले में उप जिलाधिकारी सभी तथ्यों की जांच करेंगे। मौजूदा लेखपाल, तहसीलदार की अदालत में केस दायर करेंगे और आपत्तियों का निस्तारण कराके बेटी के नाम जमीन की विरासत दर्ज कराएंगे। इसके लिए मौजूदा लेखपाल को आदेश दिए गए हैं। इस बीच उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में 56 मामले आए जिसमें से चार मामले निस्तारित किए गए हैं। शेष का निस्तारण संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा गया है। सबसे अधिक 19 मामले पुलिस से संबंधित थे जबकि चार मामले राजस्व से संबंधित थे।