धनारी। रंजिश के चलते गांव कुबरी भूड़ में हुई फायरिंग व पथराव के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी से पुलिस ने तमंचा, एक कारतूस व दो खोखे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बुधवार को सीओ गुन्नौर राकेश कुमार ने थाना धनारी में प्रेसवार्ता में बताया कि धनारी थाना क्षेत्र के गांव कुबरी भूड़ निवासी जगदीश व दूसरे पक्ष के शिवराज के बीच पुरानी रंशिन चली आ रही है। मंगलवार की सुबह दोनों पक्षों में फायरिंग, पथराव व मारपीट हुई थी। बलवा करने के आरोप में 13 लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मंगलवार को हुए विवाद के मामले में फायरिंग करने का आरोपी चौराहे पर खड़ा है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर पहुंचकर हिरासत में ले लिया। आरोपी ने अपना अजयवीर निवासी कुबरी भूड़ बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस व दो खोखे बरामद हुए हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक पक्ष के श्यौराज, हरिसिंह, सतेंद्र, जितेंद्र व दूसरे पक्ष के जगदीश, रामकिशन को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
धनारी थाना क्षेत्र के कुबरी भूड़ हुई फायरिंग व पथराव मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पहले भी कई बार गांव में झगड़ा कर चुके हैं। कई पर मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। एक आरोपी से तमंचा, कारतूस व खोखे बरामद हुए हैं। अन्य फरार चल रहे आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राकेश कुमार, सीओ गुन्नौर