संभल। सावन का दूसरा सोमवार आज है। इसे लेकर शिव मंदिरों में तैयारी पूरी कर लीं गईं हैं। सावन का यह दूसरा सोमवार उच्च राशि के चंद्रमा एवं वृद्धि योग में मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य आचार्य शोभित शास्त्री बताते हैं कि पंचांग के मुताबिक सावन का दूसरा सोमवार दो अगस्त को है, इस दिन तिथि नवमी और कृत्तिका नक्षत्र रहेगा।
जिले के प्रमुख शिवालयों में देवो के देव महादेव की पूजा अर्चना के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। सावन का माह भोलेनाथ को बेहद ही प्यारा है। इसलिए भक्त इस माह में पूजा अर्चना करने के साथ-साथ सोमवार का उपवास भी रखते हैं। संभल तहसील क्षेत्र के गुमसानी गांव स्थित झारखंडी महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ पहुंचने लगती है लेकिन इस बार भक्तों को मंदिर तक पहुंचने में कुछ कष्ट है।
दरअसल, मार्ग बीच में टूट गया है और हादसे का जोखिम हर समय बना रहता है। यह बात दीगर है कि भक्त जैसे तैसे कर मंदिर तक पहुंचते हैं और पूजा अर्चना करते हैं। वहीं, फत्तेहपुर भाऊ स्थित प्रकटेश्वर महादेव मंदिर भी भक्तों की पूजा अर्चना के लिए तैयारियां की गई हैं।