हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला नवादा में बृहस्पतिवार की रात दो वर्षीय सौतेली बेटी जन्नत की हत्या करने के आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। दो वर्षीय बालिका की हत्या का आरोपी के चेहरे पर अफसोस नजर नहीं आया। रिपोर्ट आरोपी की पत्नी की बहन हयातनगर निवासी नूरजहां पत्नी अतीक ने दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि है कि बृहस्पतिवार की शाम उनकी बहन का पति ई-रिक्शा चलाकर घर आया था।
आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ ने छह महीने पहले ही शाइस्ता से निकाह किया है। निकाह के बाद से ही आरोपी आए दिन बालिकाओं को मारता पीटता रहता था। आरोपी की साली नूरजहां ने बताया कि उनकी बहन शाइस्ता की पहली शादी सरायतरीन निवासी एक युवक से पांच वर्ष पहले हुई थी। वह भी मारपीट करता था। छह महीने पहले वह जेल गया तो उससे तलाक ले ली थी। इसके बाद ही आरोपी से निकाह किया था।
आरोपी ने निकाह करने के बाद ही बालिकाओं के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी थी। दोनों बालिका दूसरे व्यक्ति की थी इसलिए आरोपी नफरत करता था। आरोपी की साली का कहना है कि आरोपी आए दिन कहता था कि बेटियों को दहेज देना पड़ेगा। बेटे होते तो रख लेते। इन बेटियों पर तो खर्च ही होता है और यह परेशान भी करती हैं। इसलिए नशे की हालत में जब भी होता तो बालिकाओं के साथ मारपीट करता था।