पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कोर्ट में जाते समय भागने की कोशिश की जिसे पकड़ लिया गया। जिला अस्पताल में परिजनों ने भी पुलिस के साथ खींचतान करते हुए हंगामा काटा। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर आरोपी अकरम निवासी मोहल्ला कोटला सरायतरीन पेशी को लाते वक्त निजी कार से कूदकर भाग निकला। पुलिस कर्मियों ने बामुश्किल उसे पकड़ा और मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले गए। यहां आरोपी के परिजन पहुंच गए और हंगामा करते हुए आरोपी को छुड़ाने के लिए खींचतान करने लगे।
विज्ञापन
दलील देते रहे कि आरोपी को गलत फंसाया जा रहा है। करीब आधा घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने सख्ती दिखाई और फिर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया। दरअसल, हयातनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायतरीन चौकी प्रभारी अनिल कुमार त्यागी ने बृहस्पतिवार की रात टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया।
सूचना पर पुलिस ने चोरी के आरोपी हिस्ट्रीशीटर अकरम पुत्र असलम को पकड़ने के लिए कोटला जाने वाले तिराहे पर घेराबंदी की। यहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि आठ सितंबर को मुकीम पुत्र मोहम्मद्दीन निवासी मोहल्ला कोटला सरायतरीन ने कारखाने से चोरी किए सामान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
पुलिस इसी के खुलासे के लिए लगी हुई थी। आरोपी के पास से 175 पीतल की नोक बरामद की गई। रिपोर्ट दर्ज करके उसे पेशी के लिए भेजा गया। रास्ते में आरोपी कार से कूदकर भाग निकला पर पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
जिला अस्पताल में परिजनों ने पुलिस के साथ खींचतान करते हुए हंगामा किया और उसे छुड़ाने की कोशिश की। हंगामा बढ़ता देख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ जितेंद्र सिंह का कहना है कि परिजनों ने हंगामा गलत किया है। इस मामले में कार्रवाई कराई जा रही है।