परमेश्वर लाल सैनी एमएलसी भी रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से प्रत्याशी रहते हुए वह सपा के डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क से हार गए थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। सपा-कांग्रेस के गठबंधन में सीट सपा के खाते में गई है। सपा ने सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। लेकिन उनके निधन के बाद अभी तक सपा ने कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
सपा से कई नेता अपनी दावेदारी जता रहे हैं। वहीं अभी तक बसपा, एआईएमआईएम, आम आदमी पार्टी ने भी अपने-अपने पत्ते नहीं खोले हैं। संभल लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी। सात मई को वोट डाले जाएंगे।
2014 का प्रदर्शन दोहराना चाहती है भाजपा
संभल लोकसभा सीट पर पिछले छह चुनावों में से चार चुनाव सपा ने जीते हैं। 1998, 1999 में दो बार सपा संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2004 के लोकसभा चुनाव में सपा के रामगोपाल यादव विजयी रहे थे। सपा के टिकट पर चौथी जीत 2019 के चुनाव में डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने दर्ज की थी।
इसके अलावा 2009 में बसपा और 2014 में भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए थे। भाजपा की कोशिश है कि इस चुनाव में 2014 का प्रदर्शन दोहराया जाए। इसके लिए भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के साथ-साथ संगठन के जिम्मेदार पूरी ताकत से जुटे हैं।
पश्चिमी यूपी की छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना
शिवसेना (उद्धव गुट) पश्चिमी उत्तर प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुरादाबाद से जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा को प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शीघ्र ही प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा करेंगे।
शिवसेना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन की बैठक सोमवार को बुलंदशहर में हुई। बैठक के दौरान जिला शिवसेना प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा भी मौजूद रहे। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी धर्मेंद्र तोमर ने पार्टी के पदाधिकारियों से विचार विमर्श किया। इस मामले में धर्मेंद्र तोमर को पार्टी की तरफ से अहम जिम्मेदारी दी गई है।
जिला प्रमुख ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के छह सीटों बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, बरेली से पार्टी अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारेगी। मुरादाबाद से शिवसेना के वीरेंद्र अरोड़ा को चुनाव लड़ाने की संभावना है।
इसकी घोषणा मुरादाबाद से पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी धर्मेंद्र तोमर और प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे करेंगे। बैठक का संचालन बुलंदशहर जिला प्रमुख सर्वेश राणा ने किया।