मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत
नखासा थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर भंडी में झमाझम बारिश के दौरान कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में बुजुर्ग विधवा महिला सोनिया (70), तीन बच्चे समेत पांच लोग दब गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दबे लोगों को बाहर निकाला गया। जब तक महिला को निकाला गया, तब उसकी मौत हो चुकी थी।
संभल तहसील क्षेत्र के गांव केशोपुर भंडी निवासी विधवा सोनिया बुधवार को करीब तीन बजे बारिश होने की वजह से मकान में बैठी थीं। सोनिया की पुत्रवधु मीरा और उसके तीन बच्चे रामबाबू, श्याम बाबू और प्रेम बाबू भी साथ में बैठे थे। तभी कच्ची छत अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके मलबे में यह सभी दब गए।
तहसीलदार दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि कच्ची छत गिर गई थी। इसके मलबे में दबने से महिला की मौत हुई है। शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, असमोली के बेला गांव में बुधवार की दोपहर लोकेश का कच्चा मकान गिर गया।
जिस समय मकान गिरा, उस समय लोकेश, पत्नी ममता, आठ वर्षीय शिवानी, पांच वर्षीय शिवा, दो वर्षीय डिव्बू घर में मौजूद थे। सभी मकान के मलवे में दब गए। परिजनों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मलवे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
लोकेश की हालत गंभीर है, उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुबारकपुर बंद गांव में शकील, अहसान के मकान की जर्जर दीवारें बारिश के दौरान बुधवार की दोपहर गिर गईं। गनीमत रही कि उस समय आवागमन बंद था। दुगावर गांव में थान सिंह के पक्के मकान की कच्ची छत नीचे गिर गई।
गनीमत रही कि परिवार के लोग गिरने के अंदेशे में पहले ही बाहर निकल गए थे। वर्ना बड़ा हादसा हो सकता है। धारंगपुर गांव में प्रशांत और यशवंत के कच्चे मकान गिर गए। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई है।
केशोपुर भंडी में छत के मलबे में दबने से महिला की मौत हुई है। शव पीएम को भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। अन्य स्थानों पर भी हादसे हुए हैं। लेखपालों को जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद आर्थिक सहायता राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। दीपक कुमार चौधरी, तहसीलदार, संभल