संभल। जनसभा करने और कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करने के मामले में असमोली विधायक व सपा की संभावित प्रत्याशी पिंकी यादव व उनके 50-60 समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कोरोना महामारी अधिनियम के अंतर्गत की गई है।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि पवांसा पुलिस चौकी के प्रभारी को सूचना मिली थी कि गांव अतरासी में विधायक अपने समर्थकों के साथ भीड़ एकत्र कर जनसभा कर रही हैं। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने देखा कि विधायक जनसभा को संबोधित कर रही हैं और काफी भीड़ एकत्र है। किसी ने भी मास्क नहीं लगाया है। कोरोना गाइडलाइन के साथ आचार संहिता गाइडलाइन का भी उल्लंघन होता मिला। इसी क्रम में चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर बहजोई थाने में विधायक व उनके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं विधायक का कहना है कि गांव अतरासी में उन्होंने डोर टू डोर जनसंपर्क किया था। कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन भी किया था। अब रिपोर्ट क्यों दर्ज हुई इसकी जानकारी नहीं है। हम पूरी तरह से नियमों का पालन करते हुए लोगों से मिले हैं।